उत्तर प्रदेश: डासना जेल में आजम खां से मिलने पहुंचे शिवपाल यादव, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बृहस्पतिवार को गाजियाबाद की डासना जिला जेल पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात करने के लिए जेल प्रशासन से संपर्क किया। शिवपाल यादव के पहुंचने पर सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने वेदांता टोल प्लाजा पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला डासना जेल पहुंचा।
जेल प्रशासन ने मीडिया को कारागार के पहले गेट के बाहर ही रोक दिया। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि आजम खां से मुलाकात जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार जाल पर कराई जाएगी। किसी को भी बैरक के अंदर जाकर मुलाकात करने की अनुमति नहीं होगी।
समाचार लिखे जाने तक जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात की तैयारियां की जा रही थीं।
