सीएम योगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिया एकजुटता का संदेश, रन फॉर यूनिटी में भाग लेने की अपील
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए लौह पुरुष सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उसे बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता में निहित है और हर नागरिक को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने सुशासन और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया है। प्रदेश सरकार सरदार पटेल की विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ा रही है।
सीएम योगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए प्रदेशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकता दौड़ में उठाया गया हर कदम देश की अखंडता, एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक होना चाहिए। राष्ट्रीय एकता केवल विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के आचरण और जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।
