लखनऊ में सोमवार सुबह खराब मौसम और घने कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। वाराणसी और काठमांडू में कम दृश्यता के चलते चार विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें वाराणसी जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें और काठमांडू जाने वाली हिमालय एयरलाइंस व फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल हैं। अचानक उड़ानों का मार्ग बदलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6558 सुबह 7:20 बजे और दिल्ली से वाराणसी जा रही उड़ान 6ई-6246 सुबह 7:05 बजे लखनऊ पहुंची। वहीं, चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान एच-9226 सुबह 7:40 बजे और दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-8399 सुबह 8:18 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, किसी भी विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही कोई आपात स्थिति उत्पन्न हुई। वाराणसी और काठमांडू में खराब मौसम और कम दृश्यता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से विमानों को डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने और दृश्यता में सुधार के बाद सभी विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
