कानपुर में घर के अंदर चल रहा था अवैध RO प्लांट, 312 बोतलें सीज; कारोबारी का पंजीकरण निरस्त
कानपुर। शहर के पनकी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने एक घर में अवैध रूप से चलाए जा रहे बोतलबंद पानी के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार को 1051 बी ब्लॉक स्थित आतिश जायसवाल के परिसर में छापेमारी की गई। यहां घरेलू आरओ प्लांट लगाकर रिवेरा ब्रांड के नाम से पानी की बोतलों की पैकिंग की जा रही थी। जांच के दौरान कारोबार से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज और व्यवस्थाएं मौके पर नहीं मिलीं। टीम ने मौके से 312 बोतलें सीज कर पानी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
जांच में पैकेजिंग सामग्री के फूड ग्रेड होने का प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, सफाई का रिकॉर्ड और बैच नंबर का विवरण उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा पानी में जैविक तत्वों, भारी धातुओं और कीटनाशक अवशेषों की जांच रिपोर्ट भी नहीं थी। परिसर में पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड नहीं मिला और साफ-सफाई की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। वहीं, यूवी-आयोनाइजेशन जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की भी कमी सामने आई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए कारोबारी आतिश जायसवाल का खाद्य पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। सीज की गई 312 बोतलों को कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंपा गया है। वहीं, खाद्य विभाग की जनपदीय सचल टीम ने कलक्टरगंज स्थित आकाश गुप्ता के प्रतिष्ठान से इमरती और बेसन के दो विधिक नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
