कानपुर के बारादेवी मंदिर के बाहर भीषण आग, आधा दर्जन दुकानें जलकर राख
कानपुर के बारादेवी मंदिर के बाहर गुरुवार को कतारबद्ध दुकानों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब आधा दर्जन दुकानें जलकर राख हो गईं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि बिजली के पोल से चिंगारी गिरने के कारण आग लगी। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दुकानदारों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
आग लगने की घटना के बाद बिजली सप्लाई बंद करने के लिए केस्को की टीम करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। इससे नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों का रास्ता रोककर हंगामा किया। व्यापारियों का कहना था कि समय रहते बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। आक्रोशित लोगों ने मौके पर केस्को के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और नाराज व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। अग्निकांड के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।
