दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट में CJP पर साधा निशाना, बोले- पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ
नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार परफॉर्मेंस के साथ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शुरुआत की। हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी में हुए इस कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने एक बयान से भी सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, “पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं।” उनके इस बयान को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके की आलोचना का जवाब माना जा रहा है।
दरअसल, नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर CJP के प्रदर्शन के दौरान एक प्रशंसक ने दिलजीत से विरोध-प्रदर्शनों पर उनकी राय पूछी थी। इस पर सिंगर ने कहा था, “मैं सिर्फ एक कलाकार हूं ब्रो, मुझे इससे दूर रखो।” इसके बाद अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन के मंच से दिलजीत पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि कलाकारों को भी ऐसे मुद्दों पर सामने आना चाहिए। अब दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत ने कहा, “मैं कलाकार हूं, आप सभी से प्यार करता हूं। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सबका सपोर्ट करता हूं, लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि कैसे लड़ा जाता है।”
दिलजीत के बयान के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिलजीत की तारीफ करते हुए लिखा कि वह हमेशा से उनके प्रशंसक रहे हैं और उनके संगीत व काम का सम्मान करते हैं। दिपके ने कहा कि एक मतभेद से उनके मन में दिलजीत के प्रति सम्मान और प्यार कम नहीं होगा। उन्होंने अपने पोस्ट में दिलजीत को छोटा भाई बताते हुए विवाद को खत्म करने का भाव भी जताया।
