विधानसभा की ओर से आयोजित संविधान पखवाड़ा कार्यक्रम में सोमवार को उस समय असहज स्थिति बन गई, जब नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा होर्डिंग्स पर अपनी तस्वीर नहीं देखकर नाराज हो गए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह वापस लौटने लगे। उनके साथ कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा और आफताब अहमद भी बाहर आ गए।
हुड्डा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सरकारी कार्यक्रम है, विधानसभा का कार्यक्रम नहीं। उन्हें मनाने पहुंचे अधिकारी से उन्होंने कहा, “यह सरासर बदतमीजी है। मैं इस कार्यक्रम के लिए स्पेशल बाई एयर आया था।” होर्डिंग्स पर तस्वीर नहीं होने को लेकर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई।
हालांकि, बाद में विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फोन पर आग्रह करने के बाद हुड्डा कार्यक्रम में वापस लौट आए। उनके साथ बीबी बत्रा और आफताब अहमद भी लौटे। इस घटनाक्रम के कारण कार्यक्रम की शुरुआत में कुछ देर तक असहज स्थिति बनी रही।
