अंबाला में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम की मौत
हरियाणा के अंबाला में जंडली पुल के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक साल के बच्चे आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक पर बच्चे के पिता राहुल भी सवार थे। परिवार डेहा कॉलोनी से अंबाला सिटी में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे जंडली पुल के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आर्यन उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। राहगीरों ने घायल राहुल और मोनिका को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के नहीं मिलने पर तलाश की गई, जिसके बाद घटनास्थल के पास उसका शव मिला।
मोनिका की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें आदेश अस्पताल ले गए। परिजनों के मुताबिक, राहुल और मोनिका की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और आर्यन उनका दूसरा बच्चा था। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क सुरक्षा को होने वाले खतरे को उजागर किया है।
