उत्तराखंड- खटीमा के शारदा सागर डैम में प्रवासी पक्षियों के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान एक नाव में सवार दो संदिग्ध युवकों को घेरकर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 12 मृत प्रवासी पक्षी मिले। इसके अलावा एक काली थैली में कुछ कीड़े भी बरामद हुए।
वनक्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल के अनुसार, शुक्रवार को सुरई वन क्षेत्र से लगे शारदा सागर डैम में गश्त के दौरान टीम को नाव में सवार दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वनकर्मियों ने लकड़ी की नावों की मदद से नरकुल घास की आड़ लेकर उनकी नाव को घेरा। पकड़े गए युवकों की पहचान सिसैया बंधा निवासी रोहित कुमार और राजू के रूप में हुई है। दोनों को किनारे लाते समय राजू डैम में कूद गया और नरकुल घास का सहारा लेकर फरार हो गया।
वन विभाग ने रोहित को हिरासत में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया है, जबकि फरार राजू की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
