मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, महंगाई भत्ता 2% बढ़ा
मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने दिवाली से पहले प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह वृद्धि जनवरी 2026 से लागू होगी। इसके बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। नवंबर में मिलने वाले अक्टूबर माह के वेतन से बढ़े हुए डीए का नकद लाभ मिलेगा।
सरकार ने जनवरी से सितंबर 2026 तक के नौ महीने के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में करने का फैसला किया है। वहीं, प्रदेश के पेंशनर्स की महंगाई राहत (डीआर) में भी 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। पेंशनर्स को इसका लाभ जुलाई 2026 से मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्र और राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के अंतर को कम करने की दिशा में भी यह फैसला अहम है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए 63 प्रतिशत होने के मुकाबले मध्यप्रदेश के कर्मचारियों का डीए अब 60 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि, दोनों के बीच अभी भी 3 प्रतिशत का अंतर बना रहेगा।
