श्रद्धा दुबे मामले में एसीपी हटाए गए, डीसीपी और इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई
लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस विभाग में एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। शासन ने हजरतगंज के एसीपी रजनीश वर्मा को पद से हटा दिया है। इससे पहले डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को भी हटाया गया था, जबकि हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया जा चुका है। मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे अभी फरार है।
श्रद्धा की तलाश में पुलिस की 10 टीमें पिछले 10 दिनों से जुटी हैं। पुलिस ने नेपाल सीमा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई संभावित ठिकानों पर तलाश तेज की है। इस बीच श्रद्धा का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने खुद को बेगुनाह बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उसका दावा है कि शिवा शर्मा ने आत्महत्या की थी और उसने उन्हें बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाते देखा था।
श्रद्धा ने बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे घटना की सच्चाई सामने आ सकती है। उसने शिवा के साथ अपने संबंधों, पैसों के लेन-देन और जेवरों को लेकर भी अपना पक्ष रखा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस और अन्य इनपुट के आधार पर तलाश जारी है। मामले में जांच और गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए हैं।
