मध्य प्रदेश: पत्नी और ससुर को थप्पड़ मारे, बीच-बचाव करने आए साले की हत्या
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के आंकड़िया गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को पप्पू गामड़ के काका के निधन पर आयोजित मौसर कार्यक्रम में उसका जीजा गलिया कटारा भी पत्नी के साथ पहुंचा था। रात करीब 9:45 से 10 बजे के बीच किसी बात को लेकर गलिया का पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर भीमजी गामड़ को भी उसने थप्पड़ मार दिया।
विवाद बढ़ता देख 36 वर्षीय पप्पू गामड़ अपने जीजा को समझाने पहुंचा। इसी दौरान गलिया कटारा ने कथित तौर पर गुस्से में पप्पू के गुप्तांग पर लात मार दी, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजन उसे पहले रावटी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। तबीयत में सुधार महसूस होने पर परिजन 16 अक्टूबर को उसे घर ले आए, लेकिन 16 और 17 अक्टूबर की दरमियानी रात उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह पप्पू के शव को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रावटी थाना प्रभारी मनीष डामर के अनुसार, आरोपी गलिया कटारा घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम और जांच से जुड़े तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
