बिहार: सोन नदी में डूब रहे तीन बच्चों को बचाने कूदा युवक, चारों की मौत
बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के पास सोन नदी की है। जानकारी के अनुसार, 10 से 15 वर्ष की उम्र के तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए करीब 25 वर्षीय एक युवक नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते चारों की डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चारों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुट गई। नवरात्रि के दौरान हुए इस हादसे से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संदेश के थानाध्यक्ष संजीव कुमार के अनुसार, सोन नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा भेज रही है। घटना के बाद संदेश प्रखंड के बीडीओ और थानाध्यक्ष मौके पर मौजूद रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
