झारखंड: हजारीबाग में सुबह 4 बजे NIA की छापेमारी, एक व्यक्ति को साथ ले गई टीम

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। बाबा पथ स्थित सुभाष बारला गली में सुबह करीब चार बजे एजेंसी की दो अलग-अलग टीमें पहुंचीं। टीमों ने उदय साव और प्रदीप साव समेत उनके रिश्तेदारों के घरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।

जानकारी के अनुसार, एनआईए की पहली टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घर पर तलाशी ली। दोनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान एजेंसी एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है। हालांकि, उसे गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए ले जाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी टीम ने एक अन्य रिश्तेदार के घर पहुंचकर दस्तावेजों और कागजात की जांच की।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के पीछे मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार के सदस्य पहले ट्रांसपोर्टिंग कारोबार से जुड़े रहे हैं। हालांकि, एनआईए ने अभी तक कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल एजेंसी की जांच जारी है।

More From Author

मनोरंजन: सोनी राजदान ने पटाखे जलाने पर जताई नाराजगी, बोलीं- यह देश और सेहत के खिलाफ