: नवादा में सबसे ज्यादा, पटना में सबसे कम मतदान
बिहार में पटना स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान संपन्न हो गया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 55.82 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों सीटों के लिए कुल 36 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 18 स्नातक और 18 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हैं।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, नवादा में सबसे अधिक मतदान हुआ, जबकि पटना में सबसे कम वोट पड़े। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा में 64.72 प्रतिशत, नालंदा में 57.09 प्रतिशत और पटना में 51.28 प्रतिशत मतदान हुआ। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा में 84.09 प्रतिशत, नालंदा में 79.47 प्रतिशत और पटना में 70.10 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के लिए तीनों जिलों में कुल 214 बूथ बनाए गए थे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है।
