2,647 प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों की भर्ती, 22 नवंबर तक आवेदन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के 2,647 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें प्रधानाचार्य के 1,475 और प्रधानाध्यापक के 1,172 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर और फॉर्म में सुधार की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रधानाचार्य पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री और एनसीटीई से मान्य बीएड की योग्यता जरूरी है। इसके साथ कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले मान्यता प्राप्त संस्थान में पीजीटी या टीजीटी के रूप में कम से कम चार साल का अनुभव अथवा निर्धारित शर्तों के अनुसार हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक का चार साल का प्रशासनिक अनुभव होना चाहिए। दोनों पदों के लिए न्यूनतम आयु 30 वर्ष और आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी।
भर्ती में प्रधानाचार्य का वेतनमान 78,800 से 2,09,200 रुपये और प्रधानाध्यापक का 56,100 से 1,77,500 रुपये निर्धारित है। दोनों पदों के लिए सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों का आवेदन शुल्क प्रधानाचार्य पद पर 2,000 रुपये और प्रधानाध्यापक पद पर 1,500 रुपये है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर विज्ञापन संख्या 08/2026 और 09/2026 के तहत पात्रता व अन्य शर्तें देखकर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा की तारीख 7 जनवरी 2027 निर्धारित बताई गई है।
