मक्का आधारित इथेनॉल का भाव 75 रुपये लीटर करने की मांग

मक्का आधारित इथेनॉल का भाव 75 रुपये लीटर करने की मांग

ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने सरकार से मक्का आधारित इथेनॉल का खरीद मूल्य बढ़ाकर 75 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि मौजूदा कीमत पर उत्पादन करना मुश्किल हो रहा है। मक्के की कीमत पिछले साल 17-18 रुपये प्रति किलो से बढ़कर अब करीब 27 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि इथेनॉल का खरीद मूल्य घटाकर 68.86 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह के मुताबिक, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, प्रसंस्करण और परिचालन खर्च तथा ब्याज के बोझ से इथेनॉल उत्पादकों का मुनाफा प्रभावित हो रहा है। ऐसे में संयंत्र अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। एसोसिएशन ने एफसीआई चावल से बने इथेनॉल का खरीद मूल्य भी बढ़ाने की मांग की है। मौजूदा दर 60.32 रुपये प्रति लीटर पर उत्पादन की लागत निकालना मुश्किल बताया गया है।

एआईडीए ने सरकार से इथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत से आगे धीरे-धीरे बढ़ाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि मक्का और चावल सहित सभी व्यवहार्य कच्चे माल से इथेनॉल बनाने वाले उद्योगों को उचित प्रोत्साहन मिलना चाहिए। इससे उत्पादकों को राहत मिलने के साथ किसानों के लिए भी स्थिर बाजार उपलब्ध हो सकता है।

More From Author

वाल्मीकि जयंती पर अखिलेश और राहुल पर बरसे सीएम धामी

इमरान खान के ‘लीव इंडिया’ नोटिस पर सुनवाई टली, 27 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई