रामनगर के पूछड़ी गांव में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 82 घरों को हटाने पहुंचा प्रशासन
नैनीताल। रामनगर के ग्राम पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने शनिवार सुबह बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी। चिह्नित 82 घरों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। कार्रवाई को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब तीन किलोमीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे से ही मशीनों को मौके पर तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। कार्रवाई के लिए 30 से अधिक जेसीबी और कई पोकलैंड मशीनें लगाई गई हैं। इनकी मदद से चिह्नित निर्माणों को हटाया जाना है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। प्रतिबंधित क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर पूछड़ी गांव और आसपास के क्षेत्र में हलचल बनी हुई है।
