बर्फ की सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम, ठंड के बीच भी दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालु

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम, ठंड के बीच भी दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालु

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी से चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी जारी रही। बर्फ से ढकी चोटियों और बाबा केदार की नगरी का मनमोहक नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

धाम में लगातार गिरते तापमान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से प्रतिकूल मौसम को देखते हुए एडवाइजरी भी जारी की गई है। वहीं, शुक्रवार सुबह से गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ समेत जिले के निचले इलाकों में भी बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। 29 अक्टूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 18 लाख 60 हजार 360 हो गई है। बर्फबारी के बीच धाम का अलौकिक नजारा यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

More From Author

: केके पाठक से टकराव के बाद चर्चा में आए वंशीधर बृजवासी फिर बने MLC

: शिक्षक संगठनों का राजनीतिक दबदबा खत्म, एमएलसी चुनाव में नहीं खुला खाता; 48 साल पुराना वर्चस्व टूटा