IBPS में सरकारी नौकरी का मौका, 14.09 लाख रुपये तक का CTC; 12 नवंबर तक करें आवेदन
इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत सर्वर एडमिनिस्ट्रेटर (ग्रेड D), प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (ग्रेड B) और असिस्टेंट (ग्रेड B) के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 29 अक्टूबर से 12 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सर्वर एडमिनिस्ट्रेटर पद के लिए अनुमानित सालाना CTC 14.09 लाख रुपये निर्धारित है।
सर्वर एडमिनिस्ट्रेटर पद के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी या संबंधित विषय में BE/BTech डिग्री और Linux सर्वर एडमिनिस्ट्रेशन में कम से कम तीन साल का अनुभव जरूरी है। आयु सीमा 25 से 33 वर्ष है। प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए BCA, BSc IT, कंप्यूटर साइंस या संबंधित योग्यता के साथ Linux/UNIX में दो साल का अनुभव आवश्यक है। असिस्टेंट पद के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ नियमित स्नातक डिग्री और संबंधित क्षेत्र में दो साल का अनुभव मांगा गया है। इन दोनों पदों के लिए आयु सीमा 23 से 30 वर्ष निर्धारित है।
भर्ती में सर्वर एडमिनिस्ट्रेटर का शुरुआती कुल मासिक वेतन लगभग 73,020 रुपये और अनुमानित सालाना CTC 14.09 लाख रुपये है। वहीं, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट और असिस्टेंट पदों के लिए शुरुआती कुल मासिक वेतन लगभग 54,210 रुपये और अनुमानित सालाना CTC 10.57 लाख रुपये है। चयन प्रक्रिया में आवेदन की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर संबंधित प्रश्न के अंकों का एक-चौथाई हिस्सा काटा जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को दो साल का सर्विस बॉन्ड और एक साल की प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी। नियुक्ति मुंबई स्थित IBPS कार्यालय में होगी।
