प्रभास की ‘फौजी’ का टीजर रिलीज, गीता के कोड से अंग्रेजों को देंगे चुनौती
अभिनेता प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फौजी’ का टीजर उनके जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया है। करीब 2 मिनट 31 सेकंड के टीजर में स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि दिखाई गई है। फिल्म में प्रभास एक ऐसे सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे, जो अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में अपनी बुद्धि और रणनीति का इस्तेमाल करता है।
टीजर की शुरुआत द्वितीय विश्व युद्ध के दौर से होती है, जिसमें 29 मई 1942 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर की मुलाकात दिखाई गई है। बातचीत के दौरान ब्रिटिश शासन से भारत को आजाद कराने और जर्मनी से मदद मिलने की संभावनाओं को दिखाया गया है। इसी क्रम में प्रभास के किरदार की एंट्री होती है, जो दुश्मन को हराने के लिए रणनीति और बुद्धिमत्ता पर भरोसा करता है।
फिल्म की कहानी में भगवद्गीता से प्रेरित कोड और अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष को अहम भूमिका में दिखाए जाने की झलक मिलती है। टीजर सामने आने के बाद प्रभास के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज डेट और कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।
