मऊ में हत्या के आरोपी ने रची अपनी मौत की साजिश, बकरे का अंतिम संस्कार कर 10 लाख का बीमा क्लेम

मऊ में हत्या के आरोपी ने रची अपनी मौत की साजिश, बकरे का अंतिम संस्कार कर 10 लाख का बीमा क्लेम

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हत्या के एक आरोपी पर सजा से बचने के लिए अपनी मौत का फर्जी नाटक रचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, ख्वाजाहापुर निवासी राजू उर्फ राजकुमार राजभर ने पहले चिता पर लेटकर तस्वीर खिंचवाई और फिर वहां बकरे का शव जलवा दिया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तेरहवीं भी आयोजित की, ताकि उसकी मौत पर किसी को संदेह न हो। आरोपी पर वर्ष 2016 में ईंट-भट्ठा संचालक योगेश सिंह की हत्या का मामला दर्ज है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि कथित साजिश के तहत तस्वीरों को संपादित कराया गया और गाजीपुर से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया गया। इसी प्रमाण पत्र के आधार पर आरोपी की पत्नी ने बीमा कंपनी से करीब 10 लाख रुपये का क्लेम हासिल कर लिया। हैरानी की बात यह है कि खुद को मृत घोषित करवाने के बाद भी आरोपी कथित तौर पर पिछले 18 महीनों से जिले में रहकर शेयर बाजार और क्रिप्टो ट्रेडिंग का काम कर रहा था।

पुलिस अब फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करने, तस्वीरों में हेरफेर करने और बीमा क्लेम हासिल करने में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। दो होम्योपैथिक डॉक्टरों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी की पत्नी को साजिश की जानकारी थी या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और बीमा धोखाधड़ी के मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी निंदनीय, कांग्रेस देश से मांगे माफी: विकास शर्मा

वाणिज्यिक कर अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, लोकायुक्त का छापा