: NTPC में बीई-बीटेक वालों के लिए भर्ती, 6 पदों पर मौका; हर महीने मिलेगा ₹71 हजार वेतन
नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग डिग्रीधारकों के लिए एनटीपीसी लिमिटेड ने भर्ती का अवसर दिया है। कंपनी ने विज्ञापन संख्या 15/26 के तहत फिक्स्ड टर्म एग्जीक्यूटिव के 6 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये नियुक्तियां ग्रेट निकोबार द्वीप में गैस इंजन आधारित पावर प्रोजेक्ट के लिए की जाएंगी। भर्ती में सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के दो-दो पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 अक्तूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट careers.ntpc.co.in पर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त संस्थान से नियमित और पूर्णकालिक बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक वर्ष का पोस्ट-क्वालिफिकेशन एग्जीक्यूटिव अनुभव भी अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष रखी गई है। वहीं, एससी-एसटी को 5 वर्ष, ओबीसी-एनसीएल को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 71,000 रुपये का निश्चित समेकित वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार आवास या एचआरए, रिटेंशन लाभ और चिकित्सा सुविधाएं भी मिल सकती हैं। नियुक्ति शुरुआत में एक वर्ष के फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट पर होगी, जिसे प्रदर्शन और कंपनी की आवश्यकता के आधार पर अधिकतम दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। चयन के लिए आवेदन की स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा या कंप्यूटर आधारित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार जैसे चरण अपनाए जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले एनटीपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी भर्ती अधिसूचना में योग्यता और शर्तों की पूरी जानकारी अवश्य जांच लें।
