पंजाब में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राहुल गांधी के दौरे का भी जिक्र
जालंधर में एपीजे स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल में स्कूलों में दोपहर 12:11 बजे धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ते स्कूल परिसरों में पहुंच गए और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
धमकी भरे ई-मेल में केवल स्कूलों को ही नहीं, बल्कि रेलवे नेटवर्क को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें 1 नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सफर नहीं करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अमृतसर, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा के रेलवे ट्रैक पर आईईडी ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि ई-मेल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संगरूर दौरे के दौरान भी धमाका करने की धमकी का जिक्र है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। इससे पहले भी जालंधर के कई स्कूलों को अलग-अलग मौकों पर बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल धमकी की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
