BPSC ASO मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, संतोष कुमार टॉपर
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। जारी परिणाम के अनुसार, संतोष कुमार ने पहला, सरिता कुमारी ने दूसरा और राहुल राज कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
आयोग के मुताबिक, मुख्य परीक्षा में 609 उम्मीदवार शामिल हुए थे। सामान्य ज्ञान विषय में प्राप्त अंकों के आधार पर 594 अभ्यर्थियों की संयुक्त मेधा सूची तैयार की गई है। समान अंक होने पर अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्र भी समान होने की स्थिति में देवनागरी वर्णमाला के क्रम से स्थान निर्धारित किया जाएगा।
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और ASO मुख्य परीक्षा परिणाम 2026 के लिंक पर क्लिक करें। खुलने वाली पीडीएफ में अपना नाम या रोल नंबर खोजकर परिणाम की जांच करें और फाइल डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें। आयोग ने दिव्यांगता जांच से जुड़ी रिपोर्ट के आधार पर 11 उम्मीदवारों को दिव्यांगता का लाभ नहीं देने की जानकारी भी दी है। अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।
