गुना में 500 बीघा जमीन के विवाद में फायरिंग, भाजपा नेता के भाई की मौत
मध्य प्रदेश के गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के सारेठा गांव में करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। रविवार, 25 अक्टूबर की रात हुई गोलीबारी में 40 वर्षीय विजय सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे शांतनु मारपीट में घायल हो गए। विजय सिंह भाजपा जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह के छोटे भाई थे।
पुलिस के अनुसार, विजय सिंह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल से हुई। आरोप है कि पहले शांतनु के साथ लाठी से मारपीट की गई और फिर विशाल ने 12 बोर की बंदूक से विजय सिंह के पैर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विजय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक को अवैध बताया जा रहा है। हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जमीन विवाद की पृष्ठभूमि और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। विजय सिंह की मौत की खबर मिलने के बाद उनके बड़े भाई वीर बहादुर सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
