पंजाब: एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी आज से, पहले मैच में बांग्लादेश से भिड़ेगा भारत
पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज 27 अक्टूबर से पंजाब के जालंधर में होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। छह टीमों की यह प्रतियोगिता 5 नवंबर तक चलेगी। लीग चरण के मुकाबले जालंधर में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और पदक मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा, लेकिन स्टेडियम में जाने के लिए डिजिटल पास अनिवार्य होगा।
टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह अभ्यास के दौरान पिंडली में चोट लगने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह विवेक सागर प्रसाद को टीम में शामिल किया गया है। मनप्रीत भारत के लिए 430 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और उनके नाम दो ओलंपिक पदक हैं। भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह करेंगे।
भारत का लीग चरण में बांग्लादेश के बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवंबर को मलेशिया और 2 नवंबर को दक्षिण कोरिया से मुकाबला होगा। पाकिस्तान के हटने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। भारतीय टीम की नजरें घरेलू मैदान पर खिताब जीतने पर रहेंगी। भारत इस प्रतियोगिता को रिकॉर्ड पांच बार अपने नाम कर चुका है।
