: हूतियों का नया हथियार बना एपस्टीन फाइल्स, सऊदी अरब पर साध रहे निशाना
यमन के हूती विद्रोही अब ड्रोन और मिसाइलों के अलावा जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों का इस्तेमाल भी अपने प्रचार अभियान में कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन दस्तावेजों के जरिए हूती सऊदी अरब को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एपस्टीन अमेरिका का पूर्व फाइनेंसर था, जो यौन अपराधों के मामले में दोषी ठहराया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी एपस्टीन फाइलों में सऊदी शाही दरबार से जुड़े कुछ सहयोगियों द्वारा एपस्टीन को काबा की तस्वीरों वाले टेपेस्ट्री भेजे जाने का उल्लेख है। हूती इन जानकारियों को पोस्ट, भाषण, वीडियो और गानों के माध्यम से प्रचारित कर रहे हैं। उनके अभियान में खुद को इस्लाम का रक्षक बताने और विदेशी प्रभाव के खिलाफ संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
हूती विद्रोही यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, जबकि सऊदी अरब उस सरकार का समर्थन करता है। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब ने पिछले महीने हूतियों पर ड्रोन और मिसाइलों से मक्का को निशाना बनाने का आरोप लगाया था, हालांकि विद्रोहियों ने इसे खारिज कर दिया। एपस्टीन फाइलों को लेकर सऊदी अधिकारियों की प्रतिक्रिया की जानकारी भी रिपोर्ट में नहीं दी गई है।
