भीलवाड़ा में विस्फोटक से भरी पिकअप में धमाका, चालक की मौत
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई।
धमाके की तीव्रता से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। घरों की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के कांच टूट गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। मलबे से चालक का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान बूंदी निवासी राम अवतार के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के कारणों और पिकअप में रखे विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन में विस्फोटक कहां से लाया गया था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
