दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया श्री राम पार्क का निरीक्षण

दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया श्री राम पार्क का निरीक्षण

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

रुद्रपुर। आगामी दशहरा पर्व को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्राधिकारी विभव सैनी एवं श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ श्री राम पार्क (गांधी पार्क), रुद्रपुर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने आयोजन स्थल की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

गौरतलब है कि श्री राम पार्क में लगभग 5.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण एवं विकास कार्य चल रहे हैं। निर्माण कार्य के बीच दशहरा पर्व के आयोजन को लेकर श्री रामलीला कमेटी की चिंताओं को देखते हुए महापौर ने संबंधित ठेकेदार से वार्ता कर आयोजन से पहले आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए थे।

तैयारी को पर रखने के लिए आज महापौर खुद गांधी पार्क पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थल पर तैयारियों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। महापौर ने कहा कि भगवान श्रीराम से जुड़े इस पारंपरिक आयोजन की निरंतरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि रुद्रपुर की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। शहर में लंबे समय से दशहरा पर्व का आयोजन इसी स्थल पर होता आ रहा है। ऐसे में आयोजन को भव्य बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आयोजन की तैयारियों में पहले दिन से श्री रामलीला कमेटी के साथ खड़ा है और पर्व के दौरान स्वच्छता सहित आवश्यक व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग करेगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी विभव सैनी एवं रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। आयोजन स्थल पर भीड़ के प्रबंधन, आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महापौर ने शहर में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए महापौर ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण के बाद सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थान का उपयोग करते हुए स्थायी पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। त्रिशूल चौक से लेकर वेडिंग जोन और सिंचाई विभाग के बाहर तक उपलब्ध स्थानों को पार्किंग व्यवस्था से जोड़ने की योजना पर काम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनता इंटर कॉलेज और सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास भी पार्किंग की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करना और त्योहारों के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना है। महापौर ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे दशहरा, दीपावली मेले और अन्य पर्वों के दौरान शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।

महापौर ने कहा कि दशहरा पर्व के बाद दीपावली मेले के आयोजन को लेकर भी तैयारियां की जाएंगी। इसके साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर काम किया जा रहा है, ताकि त्योहारों के दौरान व्यापारिक गतिविधियां व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर स्वरूप देने के साथ-साथ शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करना भी नगर निगम की प्राथमिकता है।

भव्य स्वरूप में विकसित होगा श्री राम पार्क

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में श्री राम पार्क को सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पार्क के विकास का उद्देश्य केवल एक आयोजन स्थल तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसा स्थान विकसित करना है, जहां पहुंचकर लोगों को भगवान श्रीराम की आस्था और आदर्शों की अनुभूति हो सके। पार्क के अंतिम स्वरूप और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्री रामलीला कमेटी, मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर उनके आयोजनों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग किया जाएगा।

महापौर ने विश्वास जताया कि नगर निगम, पुलिस प्रशासन और श्री रामलीला कमेटी के आपसी सहयोग से दशहरा पर्व भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि शहर की परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना ही रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी विभव सैनी, बाजार चौकी प्रभारी अमित, नरेश शर्मा, सुशील गावा, अमित गंभीर, राजेश छाबड़ा, अमित अरोरा, बॉबी, विजय जग्गा, राकेश सुखीजा, राजकुमार खनिजो एवं गुरमीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

More From Author

रुद्रपुर । नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर में जगह जगह मां भगवती के जागरण आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 16 के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित गणेश गार्डन सोसायटी में मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया।

रुद्रपुर । नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर में जगह जगह मां भगवती के जागरण आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 16 के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित गणेश गार्डन सोसायटी में मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया।

रुद्रपुर। नवरात्र की अष्टमी पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने निवास पर विधि विधान से कन्या पूजन किया। उन्होंने कन्याओं के चरण पूजकर आशीर्वाद लिया और उन्हें उपहार वितरित किए।

रुद्रपुर । नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर में जगह जगह मां भगवती के जागरण आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 16 के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित गणेश गार्डन सोसायटी में मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया।