शाहपुर पटोरी-दलसिंहसराय समेत 8 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 96.99 करोड़ खर्च
बिहार में सोनपुर रेल मंडल के आठ रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अधूरे विकास कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके लिए करीब 96.99 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे ने सभी कार्यों को पूरा करने के लिए 15 महीने की समय-सीमा तय की है। इस योजना का उद्देश्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर और आधुनिक बनाना है।
योजना के तहत शाहपुर पटोरी, दलसिंहसराय, दीघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, भगवानपुर और रामदयालु नगर स्टेशनों पर विकास कार्य कराए जाएंगे। सोनपुर और हाजीपुर स्टेशनों के पहले व दूसरे प्रवेश द्वार से जुड़े निर्माण कार्य भी इसमें शामिल हैं। इन कार्यों से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों के तहत यात्री हॉल और प्लेटफॉर्म पर जरूरी उपकरणों व फर्नीचर की व्यवस्था, बागवानी, लैंडस्केपिंग, मिट्टी से जुड़े निर्माण और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने सभी काम निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार तय समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। कार्य पूरे होने के बाद स्टेशनों का स्वरूप बेहतर होने के साथ यात्रियों को अधिक व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकेंगी।
