मौन उपवास में उठी सामाजिक सम्मान और न्याय की आवाज, एफआईआर दर्ज होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

Spread the love

राजीव कुमार

 

मौन उपवास में उठी सामाजिक सम्मान और न्याय की आवाज, एफआईआर दर्ज होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

हल्द्वानी। हल्द्वानी में हाल ही में हुई शुद्धिकरण की घटना के विरोध में तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे के सम्मान एवं समर्थन में रविवार को रामलीला मैदान में मौन उपवास आयोजित किया गया। मौन उपवास के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने सर्व समाज के सम्मान, सामाजिक समानता, भाईचारे, न्याय और संविधान की मूल भावना की रक्षा का संदेश दिया।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। किसी भी व्यक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग, नैनीताल के जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने कहा कि यह मौन उपवास किसी समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि सर्व समाज के सम्मान, समानता और न्याय के पक्ष में है। दलित समाज सहित प्रत्येक वर्ग के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा होना जरूरी है। संविधान की मूल भावना के अनुरूप सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। किसी भी घटना को लेकर कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए और प्रत्येक नागरिक के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

पूर्व विधायक संजीव आर्या ने कहा कि संविधान सामाजिक समानता और न्याय की आधारशिला है। किसी भी व्यक्ति या वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना पर कानून के अनुसार कार्रवाई होना आवश्यक है। शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग को मजबूती से उठाया जाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि यह संघर्ष किसी जाति या समाज के विरुद्ध नहीं है। न भेदभाव, न द्वेष—सर्व समाज के लिए सम्मान, समानता और न्याय ही इस आंदोलन का उद्देश्य है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में एफआईआर दर्ज कर न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाती है तो शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

मौन उपवास में जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, भुवन कापड़ी, राधा आर्या, विनोद कुमार पिन्नू, हरीश चन्द्र दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, नारायण पाल, राजकुमार ठुकराल एवं हेमंती नंदन दुर्गापाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

More From Author

रूद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सिडकुल चौकी में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने को लेकर क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

रुद्रपुर आगमन पर राधा स्वामी डेरा ब्यास प्रमुख हजूर जसदीप सिंह जी गिल से मिले विधायक शिव अरोरा, आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया