


तहसील परिषद परिसर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने व सीसी फर्श निर्माण की मांग, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी। समाजसेवी हेमन्त पाल आर्य ने सोमवार को तहसीलदार कुलदीप पांडे को ज्ञापन सौंपकर तहसील परिषद परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा परिसर में सीसी फर्श का निर्माण कराए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि तहसील परिषद परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, अधिवक्ता, कर्मचारी एवं विभिन्न सरकारी कार्यों से आने वाले लोग पहुंचते हैं। लेकिन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर में अक्सर अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
हेमन्त पाल आर्य ने बताया कि परिसर के कई स्थानों पर सीसी फर्श नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जलभराव, कीचड़ और फिसलन की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे आमजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि तहसील परिषद जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तहसील परिषद परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जिन स्थानों पर सीसी फर्श नहीं है, वहां शीघ्र सीसी फर्श का निर्माण कराया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
तहसीलदार कुलदीप पांडे ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
