


राजीव कुमार गौड़
10 लाख 60 हजार रुपये की डिजिटल साइबर ठगी के मामले में युवक गिरफ्तार
दिनेशपुर। साइबर अपराध का मामला सामने आया है। वही मध्य प्रदेश की देवास कोतवाली साइबर पुलिस ने थाना क्षेत्र के आनंदखेड़ा नंबर-2 स्थित मोदी कॉलोनी में दबिश देकर एक युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंदखेड़ा नंबर-2 निवासी राजेश विश्वास पर आरोप है कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई लगभग 10 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी की रकम उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। इसी मामले की जांच के सिलसिले में मध्य प्रदेश पुलिस की टीम दिनेशपुर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे साइबर अपराध के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेजी से बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और आसान कमाई के लालच में कुछ युवा साइबर अपराधियों के नेटवर्क का हिस्सा बनते जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि युवाओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने और डिजिटल वित्तीय लेनदेन के प्रति सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है। फिलहाल मामले की जांच मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साइबर सेल टीम में देवास कोतवाली साइबर सेल सब इंस्पेक्टर राहुल पाटीदार के साथ उदय प्रताप सिंह व राहन सिंह शामिल थे।
