रेलवे भर्ती 2026: स्टेशन मास्टर के लिए आवेदन की आखिरी तारीख कल, ग्रेजुएट युवा तुरंत करें अप्लाई
रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की स्टेशन मास्टर भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में स्नातक पास अभ्यर्थियों के पास आवेदन करने का आखिरी मौका है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख के बाद कोई फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। आयु सीमा 1 जनवरी 2027 के आधार पर न्यूनतम 20 और अधिकतम 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये रखा गया है।
अभ्यर्थी 25 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तारीख 27 नवंबर है। आवेदन फॉर्म में संशोधन का मौका 28 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक मिलेगा। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और जरूरी जानकारी भरकर शुल्क जमा करना होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और नोटिफिकेशन रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
