दुर्गा पूजा कमेटियों को महापौर विकास शर्मा ने बांटी 1.35 लाख रुपये की सहयोग राशि
धार्मिक आयोजनों और धार्मिक स्थलों के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी : महापौर
रुद्रपुर। शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महापौर विकास शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय पर विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों को कुल 1 लाख 35 हजार रुपये की सहयोग राशि वितरित की। महापौर ने पिछले दिनों दुर्गा पूजा आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए शहर की विभिन्न कमेटियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। शनिवार को उन्होंने अपनी घोषणा को पूरा करते हुए आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी, रविंद्र नगर, मुखर्जी नगर, संजय नगर, रमपुरा और ट्रांजिट कैंप की दुर्गा पूजा कमेटियों को सहयोग राशि प्रदान की।
इस अवसर पर दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में महापौर की ओर से दिया गया सहयोग आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर शहर विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। यहां सभी समाज के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं और यही शहर की सबसे बड़ी ताकत है। दुर्गा पूजा बंगाली समाज की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है, जो मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का संदेश भी देती है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव और एकजुटता मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़ती है। नगर निगम और महापौर के स्तर से शहर में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं और धार्मिक स्थलों के विकास में सहयोग देना सामाजिक जिम्मेदारी भी है। शहर में धार्मिक आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। विभिन्न समाजों और समितियों की जरूरतों के अनुसार हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि सभी आयोजन भव्यता, श्रद्धा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी ने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में महापौर की ओर से दिया गया सहयोग सराहनीय है। इससे पूजा कमेटियों को आयोजन की व्यवस्थाओं में मदद मिलेगी और समाज में सहयोग एवं सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि महापौर ने अपनी घोषणा को पूरा कर बंगाली समाज के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना प्रदर्शित की है।
इस दौरान अशोक विश्वास, मानवेंद्र राय, मुकेश वशिष्ठ, पार्षद शुभम दास, डॉ. सुमित राय, पिंकू राय, गणेश दास, गौतम मंडल, सुकुमार सरकार, संजय नगर अध्यक्ष प्रणव राय, मुखर्जी नगर अध्यक्ष सपन साना, एडवोकेट विश्वजीत मंडल, नारायण पाल, अनूप देवनाथ, गोलू हंटर, सपन मंडल, संजय हालदार, भगदेश स्वर्णकार, जयंत मल्लिक, माधव दास, सौरभ मिस्त्री, दीपक राय सहित विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
