बिहार के आरा में शनिवार सुबह अपराधियों ने हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात नवादा थाना क्षेत्र में बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास सूर्य मंदिर के समीप हुई। बताया गया कि उपेंद्र सिंह अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव के निवासी थे और बहीरो इलाके में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। जानकारी के अनुसार, हमलावर अपाचे बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर नवादा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस भूमि विवाद और रुपये के लेन-देन समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
