जगतपुरा में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, जिला अस्पताल में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर राजकुमार जौहरी की हत्या, अस्पताल पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने परिजनों को बंधाया ढांढस

जगतपुरा में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, जिला अस्पताल में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर राजकुमार जौहरी की हत्या, अस्पताल पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने परिजनों को बंधाया ढांढस
दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, एक-एक अपराधी पहुंचेगा सलाखों के पीछे : शिव अरोरा

रुद्रपुर। जगतपुरा क्षेत्र में दो व्यवसायियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब विवाद के चलते राजकुमार जौहरी की जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

मृतक के करीबियों ने बताया जगतपुरा में राजकुमार जौहरी और अमन प्रजापति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान राजकुमार जौहरी की दुकान पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई थी। कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। आरोप है कि इसी विवाद ने अस्पताल परिसर में हिंसक रूप ले लिया और दूसरे पक्ष की ओर से धारदार हथियार से राजकुमार जौहरी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक शिव अरोरा जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुखद घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों से वार्ता कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

विधायक शिव अरोरा ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह हृदयविदारक घटना मन को झकझोर देने वाली है। मामूली कहासुनी में इस प्रकार किसी की जान ले लेना बेहद गंभीर और निंदनीय अपराध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल एक-एक दोषी को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। कोई भी आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बच नहीं पाएगा और सभी दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना को अंजाम देने वालों को ऐसा कड़ा सबक सिखाया जाएगा कि भविष्य में कोई भी कानून व्यवस्था को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके।

विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

More From Author

रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि के पीछे किए गए प्रयासों, नगर निगम की बदली कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से साझा किया

रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर नगर निगम को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

विधायक शिव अरोड़ा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के सानिध्य में किया गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार का शिलान्यास