रुद्रपुर । रम्पुरा और आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट और बर्बरता के आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

रुद्रपुर । रम्पुरा और आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट और बर्बरता के आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी सिटी प्रमोद कुमार का घेराव किया और तीन अलग-अलग मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान ठुकराल ने आरोप लगाया कि रम्पुरा निवासी देवकी प्रसाद को पुलिस ने हिरासत में लेकर इतनी बुरी तरह पीटा कि उनकी आंत फट गई। उपचार के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि देवकी प्रसाद के शव को परिजन घर ले आए थे। ठुकराल के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा नहीं हुआ था। उन्होंने परिजनों को समझाकर अंतिम संस्कार कराया, लेकिन सवाल उठाया कि इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय कैसे मिलेगा और पुलिस की कथित बर्बरता पर रोक कौन लगाएगा।

ठुकराल ने दूसरे मामले में रम्पुरा निवासी अंकित श्रीवास्तव के साथ मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पुलिस के एक फॉलोवर के शराब के ठेके पर जाने के दौरान दो पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी। इस मामले में रम्पुरा के कुछ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि अंकित का घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद पुलिस उसे उठा ले गई और कथित रूप से बेरहमी से पीटा। ठुकराल ने कहा कि अंकित के रोने और बार-बार अपना कसूर पूछने की जानकारी मिली है। उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि निर्दोष लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

तीसरे मामले में ठुकराल ने भूरारानी स्थित बच्ची सिंह कॉलोनी की चर्च वाली गली में मिली एक बच्ची के मामले का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक कार के नीचे बच्ची मिलने पर स्थानीय लोगों ने उसे देखा और घर में काम करने वाली रुक्मण नाम की महिला को बच्ची उठाने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बच्ची को पुलिस ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। ठुकराल का आरोप है कि पुलिस ने रुक्मण के पति और टुकटुक चालक परशुराम को गवाह बनाने के लिए बुलाया था। वह छठ पूजा के बाद निर्धारित समय पर पहुंचने वाला था, लेकिन इससे पहले ही पुलिसकर्मी उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने मोहल्ले में ही परशुराम के साथ मारपीट की और आदर्श कॉलोनी चौकी ले जाकर भी पीटा, जिससे उसके होंठ फट गए।

ठुकराल ने कहा कि पुलिस की ऐसी कार्यप्रणाली से आम लोगों का भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लोगों के साथ कथित मारपीट के मामलों में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो वह एसएसपी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। प्रदर्शन में सुनील चुघ, दिनेश कोली, केशव कोली, राम सेवक कोली, केरू मंडल, राजेश्वर श्रीवास्तव, पूजा रानी, शीतल, आशा रानी, राजो देवी, शकुंतला, संतोष रानी, सुखदेवी, कमला देवी, शोभा रानी, मीना रानी, कटोरी देवी, लक्ष्मी देवी, संजना देवी और गोमती देवी सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

More From Author

विधायक शिव अरोड़ा ने सेनानायक देवेंद्र पिंचा की मौजूदगी में 31वीं वाहिनी पीएसी क्षेत्र में 16 लाख के सीसी मार्ग का शिलान्यास सहित कुल 27 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास- लोकार्पण