चीन में जासूसी पर मौत की सजा, 100 खुफिया रिपोर्ट लीक करने का आरोप
चीन में एक सरकारी अधिकारी को जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। आरोप है कि अधिकारी ने एक विदेशी खुफिया एजेंसी को 100 से अधिक गोपनीय रिपोर्ट लीक की थीं। इनमें से 35 रिपोर्ट को राज्य के गोपनीय दस्तावेजों की श्रेणी में रखा गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, मा उपनाम वाले इस अधिकारी ने विदेश में तैनाती के दौरान विदेशी एजेंसी के लिए काम करना शुरू किया था। चीन लौटने के बाद भी वह अपने विदेशी हैंडलर के संपर्क में रहा और खुफिया जानकारियां साझा करता रहा। इसके बदले उसे 10 लाख युआन (करीब 1.5 लाख डॉलर) से अधिक की रकम मिलने का आरोप है।
चीन की एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने अधिकारी को मौत की सजा सुनाने के साथ उसकी पूरी निजी संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया है। हालांकि, चीन ने न तो विदेशी खुफिया एजेंसी का नाम बताया है और न ही अधिकारी की गिरफ्तारी व सजा की तारीख सार्वजनिक की है। रॉयटर्स ने भी इस मामले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
