कैलिफोर्निया के हाईवे पर गिरा छोटा विमान, 3 यात्री बाल-बाल बचे

कैलिफोर्निया के हाईवे पर गिरा छोटा विमान, 3 यात्री बाल-बाल बचे

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन जोस में एक छोटा विमान एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे का खौफनाक मंजर एक कार के डैशकैम में कैद हो गया। बताया गया कि विमान का पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराया, जिसके बाद विमान अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दो वयस्क और एक बच्चा सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार को कैपिटोल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के चौराहे के पास हुआ। वीडियो में छोटा प्रोपेलर विमान काफी नीचे उड़ता दिखाई देता है। इसी दौरान उसका पंख खंभे से टकरा गया और विमान का अगला हिस्सा सड़क से जा टकराया। टक्कर से विमान को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन आसपास चल रहे किसी अन्य वाहन के इसकी चपेट में आने की खबर नहीं है।

सैन जोस अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसे के बाद तीनों यात्रियों को एहतियातन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें जानलेवा चोटें नहीं आईं। सड़क पर गिरे ईंधन को भी सुरक्षाकर्मियों ने साफ किया। गौरतलब है कि सैन जोस में दो दिनों के भीतर यह दूसरा विमान हादसा बताया जा रहा है। इससे एक दिन पहले रीड-हिलव्यू हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक अन्य छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

More From Author

प्रियंका चोपड़ा ने लॉस एंजेलिस में मनाया दशहरा, बेटी मालती ने किया कन्या पूजन

21 अक्टूबर को प्यार में जल्दबाजी से बचें, रिश्तों में बातचीत से बनेगी बात