स्मृति ईरानी के दौरे से पहले BJP नेताओं को सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी के रायपुर दौरे से पहले पार्टी नेताओं को सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार से बचने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। यह हिदायत मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के लिए जारी की गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा की आईटी सेल नेताओं की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी और उनकी पोस्ट व सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इसे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।
स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर के दो दिवसीय दौरे पर आने वाली हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इस दौरान वह पूर्व सांसदों और विधायकों से अलग-अलग चर्चा कर उनके कामकाज की समीक्षा कर सकती हैं। दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है और कांग्रेस ने भी भाजपा पर सवाल उठाए हैं।
