एक सप्ताह में पूरा होगा गड्ढा भरो अभियान, एक नवंबर से बनेंगी नई सड़कें: महापौर

एक सप्ताह में पूरा होगा गड्ढा भरो अभियान, एक नवंबर से बनेंगी नई सड़कें: महापौर

आवास विकास में महापौर विकास शर्मा ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या 38 के आवास विकास क्षेत्र में पहुंचकर सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्य की गुणवत्ता परखी और संबंधित ठेकेदारों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत शहर की उन सभी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा, जहां गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि बारिश के कारण सड़क मरम्मत के कार्य प्रभावित हो रहे थे। वर्षा के बाद मौसम अनुकूल होने पर बिटुमिनस सामग्री से सड़क की मरम्मत बेहतर ढंग से हो पाती है। अब अभियान को गति देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों को भरने का कार्य कराया जा रहा है।

महापौर ने बताया कि आवास विकास के गोल्डन एजेंसी के पीछे जगगन ज्योति बारात घर जाने वाली सड़क, सुभाष कॉलोनी की मुख्य सड़क, गल्ला मंडी रोड और चांदना स्वीट्स के सामने की सड़क पर भी मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा घास मंडी, एलायंस कॉलोनी, धर्मपुर, मॉडल कॉलोनी से रेलवे स्टेशन तक की सड़कों को भी अभियान में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की ओर से जिन स्थानों पर सड़कें खराब होने की जानकारी दी गई है, वहां भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर में गड्ढे भरने का अभियान लगभग एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद एक नवंबर से हॉटमिक्स तकनीक से नई सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए लगभग 10 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल गड्ढे भरना ही नहीं, बल्कि शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

महापौर ने कहा कि शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद डिवाइडरों को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर को उत्तराखंड का सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। जनता ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद राजेश जग्गा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला,भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, जतिन साहनी, गौरव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

More From Author

नगर की मुख्य रामलीला मे विगत रात्रि हनुमान की किष्किन्धा वापसी आकर प्रभु श्रीरामचन्द्र जी को माता सीता की सूचना देना, विभीषण निष्कासन, विभीषण का राम दल में शामिल होना, लका में अंगद का पांव जमाना, रावण अंगद संवाद, युद्ध की घोषणा, कुंभकर्ण को नींद से जगाना व कुंभकर्ण वध तक की लीला का मंचन हुआ।

नगर की मुख्य रामलीला मे विगत रात्रि हनुमान की किष्किन्धा वापसी आकर प्रभु श्रीरामचन्द्र जी को माता सीता की सूचना देना, विभीषण निष्कासन, विभीषण का राम दल में शामिल होना, लका में अंगद का पांव जमाना, रावण अंगद संवाद, युद्ध की घोषणा, कुंभकर्ण को नींद से जगाना व कुंभकर्ण वध तक की लीला का मंचन हुआ।

संजयनगर खेड़ा की दुर्गा पूजा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक शिव अरोरा, मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर लिया आशीर्वाद