वैश्विक व्यापार: रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों में छूट से भारत को राहत, निर्यातकों को मिलेगा फायदा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से रूस से जुड़े प्रतिबंधों, पाबंदियों और शुल्कों में दी गई छूट से भारत की ऊर्जा सुरक्षा और निर्यात कारोबार को राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के मुताबिक, रूस से प्रतिस्पर्धी कीमत पर कच्चे तेल की लगातार उपलब्धता से भारत की ऊर्जा लागत नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। इससे महंगाई का दबाव कम करने और आर्थिक विकास को गति देने में भी सहयोग मिल सकता है।
उद्योग मंडल के महासचिव अनंत स्वरूप ने इस फैसले को भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए सकारात्मक कदम बताया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय व्यापार विशेषज्ञ दीप कपूरिया के अनुसार, इस छूट से भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा कि इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को राहत मिलेगी। खासकर कपड़ा, चमड़ा, रत्न-आभूषण और इंजीनियरिंग सामान जैसे रोजगार देने वाले क्षेत्रों में खरीदारों का भरोसा और ऑर्डर बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह राहत स्थायी नहीं है और भविष्य में इसमें बदलाव या इसे वापस लिए जाने की संभावना बनी हुई है। इससे निर्यातकों के लिए लंबे समय की कारोबारी योजनाएं बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को विशेष रूप से शुल्कों को लेकर स्पष्टता की जरूरत है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं तथा अमेरिकी फैसले की आगे की समीक्षा पर कारोबारियों की नजर रहेगी।
