


राजीव कुमार गौड़
रुद्रपुर। डिबडिबा स्थित श्री नर नारायण सेवा आश्रम में आयोजित 24 प्रहर अखंड महानाम संकीर्तन में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने पहुंचकर आशीर्वाद लिया।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जहां कीर्तन मंडलियों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम के आयोजकों ने राजकुमार ठुकराल का स्वागत किया और उन्हें अंग वस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ठुकराल ने कीर्तन मंडलियों द्वारा किए जा रहे संकीर्तन का आनंद लिया और श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ठुकराल ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन जैसे आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और भक्ति का संचार करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल मन को शांति मिलती है, बल्कि आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि श्री नर नारायण सेवा आश्रम लंबे समय से आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना जगाने का कार्य कर रहा है, जो सराहनीय है। संकीर्तन के दौरान भक्ति रस में डूबी मंडलियों ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर आश्रम से जुड़े सेवादार, कीर्तन प्रेमी और क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
