पूर्व सैनिकों के सम्मान में नगर निगम ने दी सौगात  सैनिक कल्याण विभाग परिसर में चार लाख की लागत से बनेगा आधुनिक शौचालय

Spread the love

राजीव कुमार गौड़

 

पूर्व सैनिकों के सम्मान में नगर निगम ने दी सौगात
सैनिक कल्याण विभाग परिसर में चार लाख की लागत से बनेगा आधुनिक शौचालय

रूद्रपुर। पूर्व सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग और उनके सम्मान एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सैनिक कल्याण विभाग परिसर में शौचालय निर्माण कार्य का महापौर विकास शर्मा ने पार्षद बीनू और पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना पर लगभग चार लाख रुपए की लागत आएगी जिससे परिसर में आने वाले आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 से इस परिसर में किसी भी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। सैनिक कल्याण कार्यालय में अपनी समस्याओं और कार्यों के लिए आने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों और अन्य आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। शौचालय की सुविधा न होने के कारण विशेषकर वृद्ध पूर्व सैनिकों और महिलाओं को लंबे समय से परेशानियों से जूझना पड़ रहा था, जिसका समाधान अब महापौर की पहल पर होने जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत एक सभा का भी आयोजन किया गया जिसमें महापौर ने पूर्व सैनिकों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी अन्य स्थानीय समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने सैनिकों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए और नगर निगम द्वारा शहर में चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी साझा की।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन का अमूल्य समय कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा और जनमानस की सेवा में समर्पित किया है। देश के इन नायकों का सम्मान करना और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम पूर्व सैनिकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास जारी रखेगा। महापौर ने आश्वासन दिया कि शहर के विकास में सैनिकों के अनुभव और सुझावों को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कर्नल चंद्र प्रकाश कोठारी, सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की, कैप्टन धन सिंह कोरंगा, सूबेदार भगवान सिंह, सूबेदार दरबान सिंह, डिप्टी कमांडेंट गोविंद भंडारी, हवलदार मदन पांडे, नायक मान सिंह मेहता, शेखर जोशी, हवलदार तारा सिंह राणा, मान सिंह खडायत, करम सिंह डागी, बिशन सिंह रावत और सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुंदर सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी पूर्व सैनिकों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

More From Author

लव जिहादी को दिया जा रहा संरक्षणः विकास शर्मा  महापौर ने गूलरभोज प्रकरण पर दी तीखी प्रतिक्रिया कहा- दूसरे समुदाय का युवक नेताओं के इशारे पर लगा रहा झूठे आरोप

रूद्रपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद जनसभा स्थल के शुद्धीकरण और हवन किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय पर सामाजिक समरसता यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया।

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी पहुंचे रुद्रपुर विधायक आवास! विधायक शिव अरोरा ने पार्टी कार्यकर्त्ताओ व परिवार संग किया मंत्री भरत सिंह चौधरी का जोरदार स्वागत

विधायक शिव आरोरा ने ट्रांजिष्ट कैम्प शमशान घाट मे 10 लाख की लागत से शवदाह गृह व टीन शेड निर्माण कार्य का किया लोकार्पण