महापौर ने रक्षाबंधन पर बहनों के लिए की कई घोषणाएं महिला सशक्तिकरण के लिए रुद्रपुर में खुलेगा ट्रेनिंग सेंटर नगर निगम सभागार में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

Spread the love

राजीव कुमार

 

महापौर ने रक्षाबंधन पर बहनों के लिए की कई घोषणाएं
महिला सशक्तिकरण के लिए रुद्रपुर में खुलेगा ट्रेनिंग सेंटर
नगर निगम सभागार में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

रक्षाबंधन पर महापौर की घोषणाएं
महिलाओं और बेटियों के लिए नगर निगम खोलेगा ट्रेनिंग सेंटर, जिसमें आईएएस पीसीएस का प्रशिक्षण भी निःशुल्क दिया जायेगा।
महिलाओं के लिए पार्कों में खोले जायेंगे जिम
महिलाओं को मिलेगा हाउस टैक्स वसूलने का काम
नगर निगम खोलेगा महिला समूहों के लिए ब्यूटी पार्लर
नगर निगम के प्रस्तावित पेट्रोल पम्प का संचालन भी महिला समूह करेंगे।

 

रुद्रपुर। नगर निगम सभागार में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर नगर निगम की महिला कर्मचारियों, पर्यावरण मित्र बहनों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।

इस भावपूर्ण अवसर पर महापौर ने महिला सशक्तिकरण को समर्पित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने रुद्रपुर में शीघ्र ही एक बड़ा प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की, जिसमें महिलाओं को आईएएस, पीसीएस सहित उच्च शिक्षा से जुड़े निशुल्क कोर्स तथा तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महापौर ने बताया कि नगर निगम की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ब्यूटी पार्लर खोले जाएंगे, जिनका संचालन महिला समूहों को सौंपा जाएगा। इसके अलावा नगर निगम द्वारा जल्द ही खोले जाने वाले पेट्रोल पंप में भी समस्त कार्य सेल्समैन से लेकर प्रबंधन तक महिलाओं द्वारा ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक वह महापौर हैं, नगर निगम द्वारा बनाई जाने वाली सभी योजनाओं में महिलाओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ठोस कार्य कर रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से हुनरमंद बनाया जा रहा है। इसके साथ ही उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने हेतु व्यवस्थित प्रयास किए जा रहे हैं।

महापौर ने बताया कि नगर निगम ने हाल ही में निर्माण कार्यों के टेंडर भी महिला समूहों को दिए हैं। आज ये समूह यूजर चार्ज कलेक्शन, ट्रेड टैक्स वसूली जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में नगर निगम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। आने वाले समय में गृहकर वसूली और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी इन्हीं समूहों को दिए जाएंगे। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे पार्कों में महिलाओं के लिए जिम की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में महापौर ने पर्यावरण मित्र बहनों की मेहनत की सराहना करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से नगर निगम को हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि इन पर्यावरण मित्रों को अलग से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, स्वच्छता के पुरस्कार स्वरूप प्राप्त धनराशि से पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी उनके लिए कराया जाएगा।

महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘लखपति दीदी’ योजना को ‘करोड़पति दीदी’ योजना की ओर अग्रसर कर रही है, और इसी तर्ज पर नगर निगम रुद्रपुर भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा हमारी बहनें केवल परिवार की रीढ़ नहीं, बल्कि समाज के आर्थिक विकास की धुरी हैं। नगर निगम उनके भाई की तरह साथ खड़ा होकर उनके सपनों को साकार करने में सहभागी बनेगा। महापौर ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता ही सशक्त समाज की आधारशिला है और नगर निगम इसी दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने महापौर द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महापौर की पहल का लाभ आज बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। जिन योजनाओं की आज नींव रखी जा रही है, उनका लाभ भविष्य में और भी बेहतर रूप में देखने को मिलेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि जिस गति से महिलाएं नगर निगम से जुड़ रही हैं, उससे न केवल महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है, बल्कि नगर निगम को भी इससे मजबूती मिल रही है। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर नगर निगम की महिला कर्मचारियों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी कनक लता, संध्या, पदमा, उमा सकलानी, माधवी अधिकारी, पुष्पा, इंद्रा नेगी, ममता नेगी, कविता अधिकारी, सीमा, प्रियंका, रामा बिष्ट, सुषमा, गुंजन गुप्ता, गुड़िया, नेहा सुंदरियाल, नेहा मिश्रा, कविता सामंत, नीतू नेगी, बीना रावत, हंसी रावत, नंदी दानी, कंचन, मोमिता, कल्पना रावत, नंदिता, मुस्कान राय, सीमा बिष्ट, सुनीता डोगरा, हेमा, अनिता, ममता, कविता आदि सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।

More From Author

हर घर तिरंगा देश की अस्मिता का प्रतीक – चुघ

पाक्सो एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार