महामना मालवीय चौक निर्माण की मांग को लेकर महापौर को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

राजीव कुमार

 

महामना मालवीय चौक निर्माण की मांग को लेकर महापौर को सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर। नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री सनातन धर्म सभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर उन्हें एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पदाधिकारियों ने शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर एक भव्य चौक की स्थापना की मांग की। महापौर ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से लेते हुए चौक निर्माण के लिए शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही शुरू करने का आश्वासन दिया है।

मेयर को सौंपे गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने संस्था के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि श्री सनातन धर्म सभा (पंजीकृत) रुद्रपुर की सबसे पुरानी और अग्रणी संस्थाओं में से एक है। वर्ष 1954 में अपनी स्थापना के समय से ही यह सभा नगर के हजारों सनातन धर्म प्रेमियों के सहयोग से समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। वर्तमान में संस्था द्वारा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री हरि मंदिर और श्री रामबाग श्मशान घाट के साथ-साथ श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, कन्या महाविद्यालय एवं श्री सनातन धर्म पब्लिक स्कूल का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जो नगर के शैक्षिक और आध्यात्मिक विकास में मील का पत्थर साबित हुए हैं।

पदाधिकारियों ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि नगर में सनातन धर्म के अनुयायियों की इतनी बड़ी संख्या और संस्था के विशाल योगदान के बावजूद नगर निगम द्वारा अब तक उनकी विशिष्ट पहचान के रूप में किसी स्थान या चौक का नामकरण नहीं किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने ध्यान आकर्षित किया कि पूर्व में सनातन धर्म सभा के संस्थापक और भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के सम्मान में गुड़ मंडी चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने और चौक का नामकरण करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन यह योजना अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। सभा के सदस्यों ने महामना मालवीय जी की महानता का स्मरण करते हुए महापौर से इस दिशा में त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया।

सकारात्मक रुख अपनाते हुए महापौर ने आश्वस्त किया कि वे इस मांग को जल्द ही धरातल पर उतारेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के सभी चोक चौराहों को धार्मिक पहचान देने का संकल्प लिया गया है, निकट भविष्य में शहर के प्रमुख चौक चौराहे अलग ही स्वरूप में नजर आयेंगे। प्रतिनिधिमंडल में श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष महेश बब्बर, महामंत्री ओमप्रकाश अरोरा, विजय जग्गा और मोहन अरोरा सहित नगर के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

More From Author

नवरात्र पर शहर के मंदिरों को चमकाएगा नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान के साथ साज सज्जा भी होगीः महापौर