श्याम होम्स कालोनी के पीड़ित परिवारों के साथ नहीं होगा अन्याय: विकास शर्मा महापौर ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

Spread the love

श्याम होम्स कालोनी के पीड़ित परिवारों के साथ नहीं होगा अन्याय: विकास शर्मा
महापौर ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

रूद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने रविवार को श्री श्याम होम्स कॉलोनी का दौरा कर ध्वस्तीकरण के नोटिस से परेशान परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। महापौर ने मौके पर ही एसडीएम से दूरभाष पर वार्ता कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए और कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो यह मामला सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में भी लाया जाएगा।

पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास से लौटे महापौर शर्मा ने कॉलोनी पहुंचकर पीड़ितों से पूरी जानकारी ली। परिवारों ने उन्हें बताया कि उन्होंने कॉलोनाइजर से प्लाट खरीदकर दाखिल-खारिज और रजिस्ट्री कराई, यहां तक कि बैंकों से लोन लेकर मकान भी बनाए। अब अचानक आठ मकानों को ध्वस्त करने का नोटिस जारी कर दिया गया है, जिससे उनका भविष्य संकट में पड़ गया है। पीड़ितों ने कहा कि यह जमीन विवाद असल में विक्रेता और दावा करने वाले व्यक्ति के बीच का है, मगर इसमें निर्दाेष परिवारों को फंसा दिया गया है।

परिवारों ने कहा कि बैंक ने सभी दस्तावेजों की जांच कर ऋण स्वीकृत किया था और उन्होंने नियमानुसार घर बनाए हैं। ऐसे में न्यायालय के आदेश पर मकान ध्वस्तीकरण का नोटिस मिलना सरासर अन्याय है।पीड़ित परिवारों ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्रशासन की टीम मकानों को ध्वस्त करने भी पहुंच चुकी थी लेकिन फिलहाल उन्हें कुछ दिन का समय दिया गया है।

महापौर ने दूरभाष पर एसडीएम से वार्ता कर पीड़ितों को न्याय दिलाने को कहा। एसडीएम ने महापौर को बताया कि मामले की जांच की जा रही है, और प्रशासन न्यायालय के सामने वास्तविक स्थिति रखकर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा। महापौर ने पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। जिला प्रशासन और सरकार पीड़ितों के साथ है, जरूरत पड़ी तो मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी से भी वार्ता की जायेगी। उन्होंने कहा कि घर बनाने में पूरा जीवन लग जाता है, किसी के आशियानों को अन्यायपूर्ण ढंग से नहीं तोड़ा जा सकता।

More From Author

रुद्रपुर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलोत का जोरदार स्वागत 15 वर्षों बाद जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी, युवा मोर्चा में नई ऊर्जा का संचार रुद्रपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलोत उर्फ बिट्टू चौहान का बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को पुष्पवर्षा और नारेबाजी के साथ सम्मानित किया। उनके सम्मान में भव्य स्वागत रैली भी निकाली गई, जो गल्ला मंडी खाटूश्याम से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंची। रैली में ढोल-नगाड़ों की थाप और सैकड़ों युवाओं ने कारों और बाइकों के साथ हिस्सा लिया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई, वहीं जेसीबी मशीन से फूल बरसाकर कार्यक्रम को और भव्य रूप दिया गया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारे लगाकर उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष के स्वागत के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि विपिन सिंह गहलोत की नियुक्ति युवा मोर्चा के संगठन को और मजबूत बनाएगी और युवाओं में सक्रियता बढ़ाएगी। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विपिन सिंह गहलोत के नेतृत्व में कार्यकर्ता और संगठन नए उत्साह के साथ जन-जन तक पार्टी की योजनाओं को पहुंचाएंगे। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस ताजपोशी से युवा मोर्चा में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन तैयार रहेगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विवेक दीप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, धीरेंद्र मिश्रा,कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सोशल मीडिया संयोजक अक्षय गहलोत, जिला मंत्री अक्षय अरोरा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, महामंत्री जितेंद्र संधू, के के त्रिपाठी,रचित सिंह, सैकड़ो युवा साथी मौजूद रहे! 15 वर्षों बाद जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद पर डेढ़ दशक बाद विपिन सिंह गहलोत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 15 वर्ष पहले जिलाध्यक्ष पद पर वर्तमान महापौर विकास शर्मा ने कमान संभाली थी और विपरीत परिस्थितियों में युवा मोर्चा में नई ऊर्जा देने का काम किया था। विपिन सिंह गहलोत पहले युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के पद पर रह चुके हैं। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी को उनसे संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बड़ी उम्मीदें हैं।

कलश यात्रा में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पहुचे- सनातन परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है।सनातन परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है।

पुलिस मुठभेड़ के बाद श्याम सिंह हत्याकांड का खुलासा दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, SSP बोले जनपद में अपराधियों की कोई जगह नहीं

पुलिस फोर्स को सीखनी ही होगी तनाव प्रबंधन की कला