: एसएसपी अजय गणपति ने 1000 से अधिक विद्यार्थियों को किया जागरूक
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बुधवार, 28 अक्टूबर को DPS रुद्रपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभावों और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर अपराधों से बचाव और सुरक्षित समाज के निर्माण में जागरूकता की भूमिका समझाई।
एसएसपी ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी से OTP, बैंकिंग संबंधी जानकारी और पासवर्ड साझा न करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने और मानव तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का संदेश दिया गया। एसएसपी ने कहा कि जागरूक नागरिक सुरक्षित समाज की नींव होते हैं और अपराधों की रोकथाम में आमजन की सतर्कता व सहभागिता महत्वपूर्ण है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी, निरीक्षक बसंती आर्या, प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, यातायात निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, CPU निरीक्षक ललित सिंह देवरी, साइबर सेल और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
